चारधाम यात्रा मार्ग पर मंत्री गणेश जोशी का निरीक्षण, अधिकारियों को दिए गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध कार्य के निर्देश

टिहरी: प्रदेश के कैबिनेट मंत्री Ganesh Joshi ने सोमवार को टिहरी जनपद का दौरा कर चारधाम यात्रा मार्ग पर चल रहे सड़क पुनर्स्थापना और ट्रीटमेंट कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने आपदा से प्रभावित क्षेत्रों में निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता और समयसीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने विगत वर्ष आपदा से क्षतिग्रस्त एवं वॉशआउट हुए गस्ती बैंड के समीप एनएच-707ए तथा कैम्पटी-टिहरी मार्ग पर चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जिला प्रशासन और राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) अधिकारियों से निर्माण कार्यों की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा मार्ग श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिहाज से अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसलिए सभी निर्माण और पुनर्स्थापना कार्यों को तय समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

गणेश जोशी ने कहा कि राज्य सरकार आपदा प्रभावित क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने और आवश्यक सुविधाओं की बहाली के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बरसात के मौसम को देखते हुए संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने और सुरक्षा उपायों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं है, बल्कि यह उत्तराखंड की संस्कृति, पर्यटन और अर्थव्यवस्था से भी जुड़ी हुई है। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी टिहरी वरुणा अग्रवाल, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!