संवाददाता: सागर रस्तोगी
मुनिकीरेती थाना क्षेत्र में नशे में वाहन चलाने और सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। शिवपुरी चौकी पुलिस ने चेकिंग के दौरान हरियाणा नंबर की एक कार को सीज करते हुए उसमें सवार चार पर्यटकों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, एसएसपी श्वेता चौबे के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के तहत शिवपुरी चौकी प्रभारी विनोद कुमार की टीम ने संदिग्ध वाहनों की जांच की। इसी दौरान हरियाणा नंबर की टाटा पंच कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें चालक सहित चार पर्यटक सवार थे।
जांच में पाया गया कि वाहन चालक गजेंद्र अत्यधिक नशे की हालत में गाड़ी चला रहा था। वहीं, कार में मौजूद अन्य युवक सार्वजनिक मार्ग पर शोर-शराबा कर उत्पात मचा रहे थे।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चालक के खिलाफ चालान किया और वाहन को मौके पर ही सीज कर शिवपुरी चौकी परिसर में खड़ा कर दिया। साथ ही अन्य तीन युवकों को शांति भंग करने और सार्वजनिक व्यवस्था में बाधा डालने के आरोप में पुलिस अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया।
इंस्पेक्टर प्रदीप चौहान ने बताया कि क्षेत्र में इस तरह की लापरवाही और कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और सख्त कार्रवाई की जाएगी।














Leave a Reply