मुनिकीरेती क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने एक अहम कदम उठाया है। इसके तहत 12 ट्रैफिक वॉलिंटियर्स को पुलिस टीम के साथ जोड़ा गया है, जो विभिन्न भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर ट्रैफिक संचालन में सहयोग करेंगे।
इस अवसर पर भद्राकाली पुलिस चौकी में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां पुलिस कप्तान श्वेता चौबे ने सभी चयनित वॉलिंटियर्स को टी-शर्ट, टोपी और पहचान पत्र (आईडी कार्ड) प्रदान किए।
पुलिस कप्तान ने वॉलिंटियर्स को संबोधित करते हुए कहा कि ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में इनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने सभी से अपील की कि वे पूरी निष्ठा, अनुशासन और ऊर्जा के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।
उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि यात्रा सीजन के अंत में सभी ट्रैफिक वॉलिंटियर्स को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।
वॉलिंटियर्स ने भी पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भरोसा दिलाया कि वे पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने में अपना योगदान देंगे।
ड्रेस और आईडी कार्ड प्राप्त करने के बाद सभी वॉलिंटियर्स में उत्साह और गर्व का माहौल देखा गया।
इन वॉलिंटियर्स की तैनाती तपोवन, ब्रह्मानंद मोड़, भद्रकाली, मधुबन आश्रम चौक सहित क्षेत्र के अन्य प्रमुख यातायात स्थलों पर की जाएगी, जहां वे पुलिस के साथ मिलकर यातायात नियंत्रण में सहयोग करेंगे।
यह पहल मुनिकीरेती क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है।














Leave a Reply