कीर्तिनगर पुल पर बड़ा हादसा: महिला ने अलकनंदा नदी में लगाई छलांग, तलाश जारी

उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब कीर्तिनगर पुल से एक महिला ने अलकनंदा नदी में छलांग लगा दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया।

मिली जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 7:30 बजे मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने एक 35 वर्षीय महिला को पुल से नदी में कूदते हुए देखा। तेज बहाव के कारण महिला कुछ ही पलों में आंखों से ओझल हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने तुरंत पुलिस और एसडीआरएफ को इसकी सूचना दी।

सूचना मिलते ही कीर्तिनगर पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और नदी किनारे सघन तलाशी अभियान शुरू किया। महिला की पहचान रचना बमराड़ा (35) निवासी बिल्केदार, पौड़ी गढ़वाल के रूप में हुई है। हालांकि देर शाम तक उसका कोई पता नहीं चल पाया था।

एसडीआरएफ इंस्पेक्टर मंजरी नेगी ने बताया कि स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर नदी के विभिन्न हिस्सों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। तेज बहाव और दुर्गम क्षेत्र होने के कारण रेस्क्यू कार्य चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।

पुलिस के अनुसार, महिला शादीशुदा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद उसके पति सुभाष बम राणा को मौके पर बुलाया गया, जो पेशे से शिक्षक बताए जा रहे हैं। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है और घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

श्रीनगर पुलिस ने कहा कि फिलहाल प्राथमिकता महिला की तलाश है। उसके मिलने के बाद ही पूरे मामले की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी। फिलहाल एसडीआरएफ और पुलिस की संयुक्त टीमें लगातार राहत और बचाव कार्य में लगी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *