टिहरी गढ़वाल: उत्तराखंड के मुख्य सचिव श्री आनंद बर्धन ने जनपद टिहरी गढ़वाल के अंतर्गत विभिन्न विकास एवं पर्यटन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने तपोवन स्थित बजरंग सेतु और नरेंद्रनगर विकासखंड के प्लास्डा क्षेत्र में स्थित हिलान्स हिमालयन भोजनालय का दौरा किया।
बजरंग सेतु का निरीक्षण
मुख्य सचिव ने तपोवन स्थित बजरंग सेतु का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता ओम प्रकाश ने उन्हें सेतु की इंजीनियरिंग संरचना, तकनीकी विशेषताओं और निर्माण कार्य की प्रगति से अवगत कराया।
मुख्य सचिव ने परियोजना की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों और निर्माण की गति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कार्यों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने पर जोर दिया।
हिलान्स हिमालयन भोजनालय का दौरा
इसके बाद मुख्य सचिव ने प्लास्डा स्थित हिलान्स हिमालयन भोजनालय का निरीक्षण किया। भोजनालय की संचालक बीना पुंडीर ने मुख्य सचिव को दैनिक ग्राहकों की संख्या, बिक्री और वित्तीय व्यवस्था की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि भोजनालय का संचालन रीप परियोजना, बैंक लोन और सीएलएफ कंट्रीब्यूशन के सहयोग से किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने परिसर के आसपास अधिक से अधिक वृक्षारोपण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने भोजनालय के मेन्यू को स्पष्ट और सुव्यवस्थित तरीके से प्रदर्शित करने पर भी जोर दिया, ताकि पर्यटकों और आगंतुकों को बेहतर सुविधा मिल सके।
क्षेत्रीय विकास पर जोर
मुख्य सचिव ने कहा कि राज्य सरकार स्थानीय स्तर पर पर्यटन और आजीविका से जुड़े प्रयासों को लगातार मजबूत कर रही है, जिससे क्षेत्रीय विकास को नई गति मिल सके।
मौजूद अधिकारी
इस निरीक्षण के दौरान डॉ. पंकज कुमार पांडेय (सचिव, लोक निर्माण विभाग, औद्योगिक, खनन एवं आयुष विभाग), जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल, एसएसपी श्वेता चौबे, तपोवन नगर पंचायत अध्यक्ष विनीता बिष्ट, एसडीएम नरेंद्रनगर आशीष घिडियाल, डीडीओ मो. असलम, ईओ तपोवन अंजलि, बीडीओ श्रुति वत्स सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
















Leave a Reply