उत्तराखंड में 200 दरोगा और अन्य पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी, 1 दिसंबर से करें ऑनलाइन आवेदन
देहरादून: उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने पुलिस और आबकारी विभाग में उप निरीक्षक (दरोगा), प्लाटून कमांडर और अग्निशमन द्वितीय अधिकारी समेत कुल 200 पदों पर सीधी भर्ती का विज्ञापन जारी कर दिया है। इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 1 दिसंबर 2026 से शुरू होगी, जबकि आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है।
आयोग के सचिव एनएस डुंगरियाल की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, पुलिस विभाग के अंतर्गत उप निरीक्षक (नागरिक पुलिस) के 93 पद, उप निरीक्षक (अभिसूचना) के 19 पद और पीएसी व आईआरबी में प्लाटून कमांडर (पुरुष) के 81 पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके अलावा अग्निशमन द्वितीय अधिकारी के पांच और आबकारी विभाग में उप आबकारी निरीक्षक के दो पदों पर चयन किया जाएगा।
किस पद के लिए कितनी योग्यता?
भर्ती में शामिल होने के लिए अलग-अलग पदों के अनुसार शैक्षिक योग्यता निर्धारित की गई है।
- उप निरीक्षक (नागरिक पुलिस एवं अभिसूचना): मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक।
- प्लाटून कमांडर: मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक।
- अग्निशमन द्वितीय अधिकारी: विज्ञान वर्ग में स्नातक।
- उप आबकारी निरीक्षक: इंटरमीडिएट (12वीं) उत्तीर्ण।
- भूतपूर्व सैनिक: न्यूनतम शैक्षिक योग्यता 12वीं निर्धारित।
आयु सीमा और छूट
आयोग के अनुसार, अभ्यर्थियों की आयु की गणना 1 जुलाई 2026 के आधार पर की जाएगी। पुलिस विभाग के उप निरीक्षक और प्लाटून कमांडर पदों के लिए न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 35 वर्ष निर्धारित की गई है। वहीं, उप आबकारी निरीक्षक पद के लिए आयु सीमा 21 से 42 वर्ष रखी गई है।
आरक्षित वर्गों के अभ्यर्थियों को राज्य सरकार के नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट का लाभ मिलेगा।
कब और कहां करें आवेदन?
इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी 1 दिसंबर से 31 दिसंबर 2026 तक आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
आधिकारिक वेबसाइट: https://sssc.uk.gov.in/
उत्तराखंड पुलिस और आबकारी विभाग में नौकरी पाने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए यह भर्ती एक महत्वपूर्ण अवसर है। अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि आवेदन करने से पहले आयोग की आधिकारिक विज्ञप्ति में पात्रता, शारीरिक मापदंड, चयन प्रक्रिया और अन्य शर्तों की विस्तृत जानकारी अवश्य जांच लें।












Leave a Reply