उत्तराखंड कैबिनेट की बैठक कल, मानदेय बढ़ोतरी समेत कई अहम प्रस्तावों पर लग सकती है मुहर
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में 27 नवंबर को प्रदेश मंत्रिमंडल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होने जा रही है। इस बैठक में सरकार की ओर से की गई कई अहम घोषणाओं को कैबिनेट की मंजूरी मिलने की संभावना है। खासतौर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, आशा कार्यकर्ताओं, भोजनमाताओं और अतिथि शिक्षकों के मानदेय में बढ़ोतरी से जुड़े प्रस्तावों पर सबकी नजरें टिकी हैं।
प्रदेश सरकार ने एक दिसंबर से इन विभिन्न वर्गों के मानदेय में वृद्धि करने की घोषणा की है। माना जा रहा है कि कैबिनेट बैठक में इस संबंध में औपचारिक प्रस्ताव को मंजूरी दी जा सकती है। इससे प्रदेशभर में कार्यरत हजारों कर्मियों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।
इसके अलावा बैठक में बैणी-भुली योजना को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय हो सकता है। योजना के तहत स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को दो किस्तों में प्रोत्साहन राशि दिए जाने के प्रस्ताव पर विचार किया जा सकता है।
वहीं, छोटे किसानों और बिजली उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए बिजली बिलों के विलंबित भुगतान पर लगने वाले सरचार्ज को माफ करने का प्रस्ताव भी कैबिनेट के एजेंडे में शामिल हो सकता है।
कुल मिलाकर 27 नवंबर को होने वाली कैबिनेट बैठक में महिला सशक्तिकरण, कर्मियों के मानदेय में बढ़ोतरी और किसानों व आम बिजली उपभोक्ताओं को राहत देने से जुड़े फैसलों पर प्रदेश की निगाहें रहेंगी। अब देखना होगा कि धामी कैबिनेट इन प्रस्तावों पर क्या निर्णय लेती है।












Leave a Reply