तोताघाटी के पास चारधाम यात्रा बस पलटी, SDRF ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन, सभी यात्री सुरक्षित

टिहरी गढ़वाल: चारधाम यात्रा के दौरान शनिवार सुबह टिहरी गढ़वाल जिले के तोताघाटी क्षेत्र में एक बड़ा हादसा टल गया, जब बद्रीनाथ से ऋषिकेश की ओर जा रही यात्रियों से भरी एक बस अचानक दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंची SDRF टीम ने त्वरित रेस्क्यू अभियान चलाते हुए यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया।

जानकारी के अनुसार 07 जून 2026 की सुबह करीब 08:30 बजे जिला नियंत्रण कक्ष (DCR) टिहरी के माध्यम से सूचना मिली कि तोताघाटी के समीप एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। सूचना मिलते ही निरीक्षक कवीन्द्र सजवान के नेतृत्व में SDRF पोस्ट ढालवाला और ब्यासी की टीमों को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।

मौके पर पहुंचने पर SDRF टीम ने पाया कि चारधाम यात्रा में संचालित बस संख्या UK04 PA 0418 सड़क पर पलटी हुई थी। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण बस के ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है। हादसे के समय बस में कुल 39 यात्री सवार थे।

दुर्घटना में तीन से चार यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें तत्काल 108 एम्बुलेंस सेवा की मदद से उपचार के लिए ऋषिकेश अस्पताल भेजा गया। राहत की बात यह रही कि बस में सवार अन्य सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।

SDRF की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का आकलन किया और स्थानीय प्रशासन सहित अन्य आपातकालीन एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए राहत एवं बचाव कार्य संचालित किया। अधिकारियों के अनुसार दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।

चारधाम यात्रा मार्ग पर हुई इस घटना के बाद प्रशासन ने यात्रियों से सावधानी बरतने और वाहनों की तकनीकी जांच सुनिश्चित करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!