पिथौरागढ़ में दर्दनाक वारदात: पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या, आरोपी ने किया आत्मसमर्पण

पिथौरागढ़ जिले के थाना अस्कोट क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। ग्राम द्वालीसेरा में एक व्यक्ति द्वारा अपनी पत्नी की हत्या किए जाने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

पुलिस के अनुसार, यह घटना 30 अप्रैल 2026 की है, जब भुवन प्रसाद (उम्र 42 वर्ष), निवासी ग्राम द्वालीसेरा ने कथित तौर पर अवैध संबंधों के शक में अपनी पत्नी गीता देवी (उम्र 38 वर्ष) पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।

घटना के बाद आरोपी स्वयं चौकी पीपली पहुंचा और पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सुरेश कम्बोज पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए मृतका का पंचायतनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय पिथौरागढ़ भेज दिया है।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है। वहीं फॉरेंसिक टीम ने मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं, जो मामले की जांच में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

आरोपी को मेडिकल परीक्षण के बाद माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

पुलिस ने कहा है कि प्रारंभिक जांच में घटना का कारण आपसी विवाद और शक सामने आया है, हालांकि सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।

यह घटना एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करती है कि अविश्वास और गुस्सा किस तरह एक पूरे परिवार को तबाह कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *