पिथौरागढ़ पुलिस का सीमांत गांवों में जागरूकता अभियान, एसएसबी के साथ सीमा पर बढ़ाई निगरानी

सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा को मजबूत बनाने और ग्रामीणों को जागरूक करने के उद्देश्य से पिथौरागढ़ पुलिस लगातार जनसंपर्क अभियान चला रही है। इसी कड़ी में थाना जाजरदेवल पुलिस ने वाइब्रेंट विलेज हल्दु में चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों से संवाद किया। इस दौरान पुलिस ने साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, नशा उन्मूलन और आपातकालीन सेवाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। साथ ही भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर एसएसबी के साथ संयुक्त गश्त और कॉम्बिंग अभियान भी चलाया गया।

थाना जाजरदेवल के प्रभारी निरीक्षक प्रकाश पाण्डे के नेतृत्व में चौकी वड्डा प्रभारी उपनिरीक्षक आशीष रावत और पुलिस टीम ने ग्राम हल्दु में ग्रामीणों के साथ खुला संवाद किया। चौपाल के दौरान बुजुर्गों और स्थानीय लोगों की स्वास्थ्य, व्यक्तिगत और प्रशासनिक समस्याओं को सुना गया तथा उनके शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया गया। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए पुलिस हमेशा उनके साथ खड़ी है।

जागरूकता कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराध, घरेलू हिंसा और तेजी से बढ़ रहे साइबर फ्रॉड से बचाव के उपायों की विस्तार से जानकारी दी गई। युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया और ग्रामीणों से अवैध रूप से भांग की खेती नहीं करने की अपील की गई। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता के लिए पुलिस हेल्पलाइन 112 और विशेष हेल्पलाइन नंबर 9411112982 का उपयोग करने की जानकारी भी दी गई।

इसके बाद पुलिस टीम ने ग्राम हल्दु, जमतड़ी और आसपास के सीमावर्ती क्षेत्रों में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के साथ संयुक्त गश्त और कॉम्बिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर संदिग्ध गतिविधियों और संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखी गई। पुलिस और एसएसबी ने सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए समन्वय के साथ गश्त की।

पिथौरागढ़ पुलिस ने सीमांत क्षेत्रों के लोगों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की सूचना बिना देरी के पुलिस को दें। पुलिस का कहना है कि सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा में स्थानीय लोगों की सतर्कता और सहयोग बेहद महत्वपूर्ण है। जनजागरूकता और नियमित गश्त के माध्यम से पुलिस सीमांत गांवों में सुरक्षा और विश्वास दोनों को मजबूत करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!