नशे में वाहन चला रहे चालक को पुलिस ने किया गिरफ्तार, वाहन भी किया सीज

पिथौरागढ़: जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस का विशेष चेकिंग अभियान लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत कोतवाली जौलजीबी पुलिस ने शराब के नशे में वाहन चला रहे एक चालक को गिरफ्तार कर उसका वाहन सीज कर दिया। वहीं, पूरे जिले में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग करने वाले 123 लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।

कोतवाली जौलजीबी के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप यादव अपनी टीम के साथ वाहन चेकिंग अभियान चला रहे थे। इस दौरान पुलिस ने वाहन चालक भूपेन्द्र सिंह बिष्ट को शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़ा। जांच में आरोप सही पाए जाने पर चालक को गिरफ्तार कर वाहन को सीज कर दिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में लगातार गश्त और सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना, यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराना और कानून व्यवस्था बनाए रखना है।

इसके अलावा जिलेभर में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने तथा सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग करने वाले कुल 123 लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई। पुलिस ने सभी से यातायात नियमों का पालन करने और जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाने की अपील की है।

पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा और कानून व्यवस्था से समझौता करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। नशे में वाहन चलाने वालों और सार्वजनिक स्थानों पर अशांति फैलाने वालों पर विशेष नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!