भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा बढ़ी, पुलिस और एसएसबी का संयुक्त अभियान तेज

पिथौरागढ़: भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से पिथौरागढ़ पुलिस ने सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष अभियान तेज कर दिया है। पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त टीम लगातार गश्त, कॉम्बिंग ऑपरेशन और चेकिंग अभियान चला रही है, ताकि सीमा पार से होने वाली किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर प्रभावी नजर रखी जा सके।

जनपद के सीमावर्ती थाना और कोतवाली क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाया गया। एसएचओ अस्कोट रवीन्द्र यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम द्वालीसेरा, पीपली सहित कई संवेदनशील इलाकों में पैदल गश्त की। वहीं एसएचओ धारचूला हरेन्द्र सिंह नेगी के नेतृत्व में पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने अंतरराष्ट्रीय सीमा पर कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने सीमावर्ती क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी। साथ ही स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उन्हें सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस ने लोगों से अपील की कि यदि उन्हें किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।

पुलिस टीम ने ग्रामीणों को साइबर अपराध और नशा तस्करी से बचाव के प्रति भी जागरूक किया। इस दौरान लोगों को बताया गया कि नशा तस्करी से जुड़ी सूचना देने के लिए मानस हेल्पलाइन 1933 और साइबर अपराध की शिकायत दर्ज कराने के लिए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 का उपयोग किया जा सकता है।

पिथौरागढ़ पुलिस का कहना है कि सीमा की सुरक्षा, कानून व्यवस्था और आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से पुलिस और एसएसबी के बीच बेहतर समन्वय के साथ संयुक्त अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!