पिथौरागढ़: उत्तराखंड में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पिथौरागढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसओजी और कोतवाली पिथौरागढ़ की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 19 वर्षीय युवक को भारी मात्रा में अवैध हेरोइन (स्मैक) के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 12.25 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, सिल्थाम से मिशन इंटर कॉलेज के बीच सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 41.5 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई। बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान संदेश कुमार (19 वर्ष) निवासी भाटकोट, पिथौरागढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारियां भी सामने आई हैं।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह हेरोइन नानकमत्ता से खरीदकर लाता था और उसे छोटी-छोटी पुड़ियों में बांटकर स्थानीय ग्राहकों को बेचता था। इस जानकारी के आधार पर पुलिस अब पूरे ड्रग सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुट गई है और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और जिले को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस का कहना है कि इस मामले में आगे भी कई अहम खुलासे होने की संभावना है।
पिथौरागढ़ पुलिस की यह कार्रवाई जिले में सक्रिय नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी सफलता मानी जा रही है। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं नशे की तस्करी या अवैध गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
















Leave a Reply