40 फीट गहरे गधेरे में फंसी जर्सी गाय को फायर टीम ने सुरक्षित निकाला, पेश की मानवता की मिसाल

पिथौरागढ़: उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में फायर सर्विस की टीम ने समय रहते कार्रवाई करते हुए 40 फीट गहरे गधेरे में फंसी एक जर्सी गाय का सफल रेस्क्यू कर मानवता और जीव रक्षा का सराहनीय उदाहरण पेश किया। तेज पानी के बहाव और दुर्गम इलाके के बावजूद टीम ने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए गाय को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 7:50 बजे पीएफटी के माध्यम से फायर स्टेशन पिथौरागढ़ को सूचना मिली कि ग्राम पपदेव निवासी श्रीमती सविता वर्मा की जर्सी गाय रास्ते से फिसलकर करीब 40 फीट गहरे गधेरे में गिर गई है। गाय तेज बहाव वाले पानी के बीच फंसी हुई थी, जिससे उसकी जान को खतरा बना हुआ था।

सूचना मिलते ही प्रभारी अग्निशमन अधिकारी नारायण सिंह मेहरा के नेतृत्व में फायर रेस्क्यू टीम तुरंत मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर पानी का तेज बहाव और दुर्गम भू-भाग रेस्क्यू अभियान में बड़ी चुनौती बन रहे थे।

फायर कर्मियों ने परिस्थितियों का आकलन करते हुए रस्सियों और डंडों की मदद से एक अस्थायी स्ट्रेचर तैयार किया। इसके बाद गाय को सावधानीपूर्वक सुरक्षित बांधकर कड़ी मशक्कत के बाद गधेरे से बाहर निकाल लिया।

रेस्क्यू अभियान सफल होने के बाद गाय को उसके मालिक के सुपुर्द कर दिया गया। वहीं, पशु चिकित्सक ने मौके पर पहुंचकर गाय का आवश्यक उपचार भी किया। समय पर किए गए इस रेस्क्यू से गाय की जान बच गई।

पिथौरागढ़ पुलिस और फायर सर्विस ने एक बार फिर साबित किया है कि वे केवल मानव जीवन ही नहीं, बल्कि पशुओं की सुरक्षा और बचाव के लिए भी पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!