पिथौरागढ़: जनपद में अवैध शराब की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाने के लिए पिथौरागढ़ पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी अभियान के तहत थाना जाजरदेवल, थाना थल और कोतवाली पिथौरागढ़ पुलिस ने संयुक्त रूप से अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब साढ़े आठ पेटी अवैध शराब बरामद की है। कार्रवाई के दौरान शराब तस्करी में इस्तेमाल किए गए वाहनों को भी सीज कर दिया गया।
थाना जाजरदेवल पुलिस ने थानाध्यक्ष प्रकाश पाण्डेय के नेतृत्व में सघन चेकिंग अभियान चलाया। चौकी वड्डा क्षेत्र के लेलू स्टेडियम के पास पुलिस ने एक कार से चार पेटी अवैध शराब बरामद कर मड़ेगांव निवासी नरेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया। वहीं, भड़कटिया स्थित एक ढाबे में अवैध रूप से शराब परोस रहे दीवान सिंह को दो बोतल अवैध शराब के साथ पकड़ा गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर वाहन को सीज कर दिया गया।
इसी तरह थाना थल पुलिस ने थानाध्यक्ष गणेश दत्त भट्ट के नेतृत्व में थल-डीडीहाट रोड पर चेकिंग के दौरान एक अल्टो कार से चार पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की। पुलिस ने भकुंडा (बमरेत) निवासी त्रिलोक सिंह को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया। शराब की तस्करी में इस्तेमाल किए गए वाहन को भी जब्त कर लिया गया।
वहीं, कोतवाली पिथौरागढ़ पुलिस ने रोडवेज स्टेशन के पास स्थित एक ढाबे में छापेमारी कर अवैध रूप से शराब परोस रहे विशन नाथ निवासी नैनी को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 18 पव्वे और एक अध्धा अवैध शराब बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज किया है।
पिथौरागढ़ पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब की तस्करी और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने साफ किया है कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी।
















Leave a Reply