पिथौरागढ़: उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में स्थित पंचाचुली के दुर्गम फुगागैर क्षेत्र में घायल होकर फंसे एक भेड़ पालक को राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) ने सफल रेस्क्यू अभियान चलाकर सुरक्षित बाहर निकाला। खराब मौसम और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद टीम ने साहस और पेशेवर दक्षता का परिचय देते हुए घायल व्यक्ति तक पहुंचकर उसे सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द किया।
जानकारी के अनुसार 5 जून को भेड़ पालन कार्य में लगे खीम सिंह (42), निवासी ग्राम फाफा, जनपद पिथौरागढ़, लगातार हो रही बारिश और खराब मौसम के दौरान पहाड़ी से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। चोट लगने के कारण वह चलने-फिरने में असमर्थ हो गए और दुर्गम क्षेत्र में फंस गए।
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय प्रशासन ने SDRF से सहायता मांगी। इसके बाद सेनानायक SDRF उत्तराखंड अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर SDRF पोस्ट अस्कोट से मुख्य आरक्षी सुनील चंद के नेतृत्व में एक रेस्क्यू टीम आवश्यक उपकरणों के साथ मौके के लिए रवाना हुई।
रेस्क्यू टीम को घटनास्थल तक पहुंचने के लिए मुख्य सड़क मार्ग से लगभग 30 से 35 किलोमीटर का कठिन पर्वतीय रास्ता तय करना पड़ा। क्षेत्र में लगातार खराब मौसम और वर्षा के बावजूद टीम ने रात के समय पैदल सफर कर घायल व्यक्ति तक पहुंच बनाई।
SDRF कर्मियों ने मौके पर घायल भेड़ पालक को प्राथमिक उपचार दिया और फिर स्ट्रेचर की मदद से उसे सुरक्षित मुख्य मार्ग तक पहुंचाया। लंबे और चुनौतीपूर्ण अभियान के बाद 7 जून को घायल व्यक्ति को सकुशल रेस्क्यू कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
सेनानायक SDRF अर्पण यदुवंशी ने कहा कि पंचाचुली जैसे अत्यंत दुर्गम क्षेत्र में खराब मौसम के बीच सफल रेस्क्यू अभियान चलाना टीम की कर्तव्यनिष्ठा, साहस और प्रशिक्षण का प्रमाण है। उन्होंने अभियान में शामिल सभी जवानों की सराहना करते हुए कहा कि मानव जीवन की रक्षा SDRF की सर्वोच्च प्राथमिकता है और राज्य के दूरस्थ इलाकों में भी टीम हर समय सहायता के लिए तैयार रहती है।















Leave a Reply