सीमांत गांवों तक पहुंच रही पिथौरागढ़ पुलिस, वाइब्रेंट विलेज अमाली में लगाई चौपाल

पिथौरागढ़: सीमांत क्षेत्रों में पुलिस अब केवल कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं के समाधान और जागरूकता फैलाने के लिए लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही है। इसी क्रम में थाना कनालीछीना पुलिस ने वाइब्रेंट विलेज अमाली में चौपाल का आयोजन किया।

थाना कनालीछीना पुलिस टीम एसओ प्रवीण सिंह के नेतृत्व में गांव अमाली पहुंची, जहां ग्रामीणों और बुजुर्गों के साथ सीधा संवाद स्थापित किया गया। चौपाल के दौरान लोगों की स्वास्थ्य, सामाजिक और विभागीय समस्याओं को सुना गया और मौके पर ही समाधान का भरोसा दिलाया गया।

कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को महिलाओं के विरुद्ध अपराध, घरेलू हिंसा और तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया। लोगों को ऑनलाइन ठगी से बचने के तरीके समझाए गए और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को देने की अपील की गई।

इसके साथ ही युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया। पुलिस ने ग्रामीणों से भांग की अवैध खेती न करने की भी अपील की।

चौपाल के दौरान आपातकालीन सहायता के लिए पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 और 9411112982 भी साझा किया गया, ताकि जरूरत पड़ने पर लोग तुरंत पुलिस से संपर्क कर सकें।

पिथौरागढ़ पुलिस का यह अभियान सीमांत गांवों में सुरक्षा, जागरूकता और विश्वास को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के जन-जागरूकता कार्यक्रम आगे भी लगातार जारी रहेंगे, जिससे पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!