ऑपरेशन प्रहार: पिथौरागढ़ पुलिस का बड़ा अभियान, नशे में वाहन चला रहे 11 चालक गिरफ्तार, कई वाहन सीज

पिथौरागढ़: सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और नशे में वाहन चलाने वालों पर अंकुश लगाने के लिए पिथौरागढ़ पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत जनपदभर में विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया। देर रात तक चले इस अभियान में शराब पीकर वाहन चलाने वाले 11 चालकों को गिरफ्तार किया गया, जबकि उनके वाहनों को सीज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं को रोकना और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने सघन चेकिंग कर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की।

कोतवाली पिथौरागढ़ में सबसे बड़ी कार्रवाई

कोतवाली पिथौरागढ़ क्षेत्र में एसएचओ ललित मोहन जोशी के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान छह वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए। पुलिस ने सभी चालकों को मोटर वाहन अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर उनके वाहन सीज कर दिए।

इसके अलावा भदेलवाड़ा निवासी एक व्यक्ति को शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में हिरासत में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई।

झूलाघाट, बेरीनाग, बलुवाकोट और डीडीहाट में भी कार्रवाई

थाना झूलाघाट में एक चालक, थाना बेरीनाग में एक चालक, थाना बलुवाकोट में एक चालक तथा कोतवाली डीडीहाट क्षेत्र में एक चालक को शराब पीकर वाहन चलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। सभी मामलों में संबंधित वाहनों को भी सीज किया गया।

सड़क सुरक्षा के लिए अभियान जारी

पिथौरागढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि “ऑपरेशन प्रहार” आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और नशे की हालत में वाहन न चलाने की अपील की है।

पुलिस का कहना है कि शराब पीकर वाहन चलाना न केवल चालक बल्कि अन्य लोगों की जान के लिए भी गंभीर खतरा बन सकता है। ऐसे मामलों में भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!