जनपद पिथौरागढ़ पुलिस परिवार के लिए आज का दिन भावनाओं से भरा रहा। वर्षों तक कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ सेवा देने वाले तीन पुलिस कर्मियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
अधिवर्षता सेवानिवृत्ति पर अपर उपनिरीक्षक हरीश चन्द्र काण्डपाल ने 40 वर्ष 1 माह 29 दिन की लंबी और सराहनीय सेवा पूर्ण की। वहीं आरक्षी प्रकाश चन्द्र ने 18 वर्ष 5 माह 3 दिन की सेवा के बाद सेवानिवृत्ति ली। महिला कांस्टेबल किरन बिष्ट ने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेते हुए 24 वर्षों की सेवा के बाद पुलिस विभाग को अलविदा कहा।
पुलिस लाइन में आयोजित विदाई समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे ने सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया और उनके स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
एसपी ने कहा कि इन कर्मियों की सेवाएं विभाग के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहेंगी और उनके योगदान को सदैव सम्मान के साथ याद किया जाएगा।
इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक गोविन्द बल्लभ जोशी, प्रतिसार निरीक्षक नरेश चन्द्र जखमोला सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने सेवानिवृत्त कर्मियों को भावभीनी विदाई दी और उनके योगदान की सराहना की।
















Leave a Reply