रुद्रप्रयाग: मदमहेश्वर घाटी के लोगों को अब बेहतर आयुर्वेदिक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा। राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय, राउलेक को अटल उत्कर्ष सेवा केंद्र के रूप में उच्चीकृत किया गया है। सोमवार को इसका विधिवत उद्घाटन केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने किया। इस पहल से क्षेत्रवासियों को अब आधुनिक आयुर्वेदिक उपचार सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी।
उद्घाटन समारोह में ज्येष्ठ प्रमुख राकेश नेगी, जिला पंचायत सदस्य सरोज राणा, महिला आयोग सदस्य दर्शनी पंवार, सामाजिक कार्यकर्ता दलवीर नेगी, प्रधान रमेश नौटियाल और मिथिला मनसूना सहित क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान चिकित्सालय परिसर में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया गया। शिविर में 100 से अधिक लोगों ने स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श और निःशुल्क दवाओं का लाभ उठाया। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने मरीजों को आयुर्वेदिक उपचार पद्धति और स्वस्थ जीवनशैली के बारे में भी जानकारी दी।
जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. आर.एस. पाल ने बताया कि चिकित्सालय के उच्चीकृत होने के बाद अब यहां पंचकर्म, क्षार-सूत्र उपचार, गैर-संचारी रोगों (NCDs) के उपचार सहित कई विशेष आयुर्वेदिक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
अटल उत्कर्ष सेवा केंद्र के प्रचार-प्रसार और अधिक से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से तीन दिवसीय चिकित्सा शिविर भी आयोजित किए जा रहे हैं। 20 जुलाई को राउलेक, 21 जुलाई को रांसी और 22 जुलाई को मनसूना में स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। प्रशासन ने क्षेत्रवासियों से इन शिविरों में पहुंचकर निशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की है।
इस अवसर पर प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनित कुमार, डॉ. जयलिता, डॉ. सुब्रतो कुमार दास, डॉ. प्रियंका, डॉ. भूपेंद्र चौहान और गोविंद तिवारी सहित चिकित्सा विभाग की टीम मौजूद रही।
















Leave a Reply