‘सरकार जनता के द्वार’ कार्यक्रम के तहत भटवाड़ी सुनार में लगी जन चौपाल, 19 शिकायतों पर हुई सुनवाई

रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ ग्रामीणों तक पहुंचाने और उनकी समस्याओं का गांव स्तर पर समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को विकासखंड अगस्त्यमुनि की ग्राम पंचायत भटवाड़ी सुनार में ‘सरकार जनता के द्वार’ कार्यक्रम के तहत जन संवाद एवं जन चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला सूचना अधिकारी के.एल. टम्टा ने की। उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं, सुझावों और आवश्यकताओं को विस्तार से सुना। इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी, सरल और समयबद्ध तरीके से पहुंचे, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

जन चौपाल में ग्रामीणों ने शुद्ध पेयजल की व्यवस्था, गौशाला निर्माण, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ, आपदा एवं अन्य मामलों में मुआवजा, किसान पेंशन, दिव्यांग पेंशन, राशन कार्ड और बंदरों के बढ़ते आतंक जैसी कई महत्वपूर्ण समस्याएं प्रशासन के सामने रखीं। कुल 19 शिकायतें और मांगें प्राप्त हुईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही समाधान करने का प्रयास किया गया। शेष मामलों को संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा जाएगा और उनके निस्तारण की नियमित समीक्षा भी की जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी। अधिकारियों ने पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज और आवेदन की पूरी जानकारी भी साझा की, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

जिला सूचना अधिकारी के.एल. टम्टा ने ग्रामीणों से भविष्य में भी जन संवाद और जन चौपाल कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए तथा संबंधित शिकायतकर्ताओं को समय-समय पर कार्रवाई की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए।

कार्यक्रम में ग्राम प्रधान प्रीति पंवार, सहायक अभियंता पीएमजीएसवाई सौरभ चौहान, ग्राम विकास अधिकारी लोकेश देवी, रोजगार सेवक सीमा बिष्ट, सूचना विभाग के कनिष्ठ सहायक अरुण भरतरी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!