रुद्रप्रयाग में लगातार बारिश के बीच प्रशासन हाई अलर्ट पर, नदियों और गदेरों से दूर रहने की अपील

रुद्रप्रयाग: जनपद में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। बढ़ते जलस्तर और संभावित आपदा की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने विभिन्न विभागों की टीमें सक्रिय कर दी हैं। ये टीमें नदियों, गाड़-गदेरों, बरसाती नालों और संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रख रही हैं।

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि लगातार वर्षा के कारण जिले की नदियों, गाड़-गदेरों और बरसाती नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में लोगों से अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की गई है। उन्होंने कहा कि अनावश्यक रूप से नदी, नालों और जलधाराओं के किनारे जाने से बचें तथा नदी किनारे रहने वाले परिवार सुरक्षित स्थानों पर रहें।

जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन हर स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आपदा प्रबंधन, पुलिस, लोक निर्माण विभाग और अन्य संबंधित विभागों की टीमों को पूरी तरह तैयार रखा गया है। सभी आवश्यक संसाधनों के साथ राहत एवं बचाव दल अलर्ट मोड में तैनात हैं।

उन्होंने बताया कि यदि कहीं भूस्खलन, मलबा आने या अन्य कारणों से सड़कें बाधित होती हैं तो संबंधित विभागों की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचकर मार्ग खोलने की कार्रवाई करेंगी, ताकि लोगों को कम से कम परेशानी का सामना करना पड़े।

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने जनपदवासियों से मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करने, अफवाहों से दूर रहने और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति या समस्या की जानकारी तुरंत जिला आपदा नियंत्रण कक्ष या स्थानीय प्रशासन को दें। प्रशासन जनपदवासियों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और हर परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!