रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने सीएम पोर्टल पर दर्ज लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए सभी विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि 30 जुलाई को मुख्यमंत्री द्वारा सीएम पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की समीक्षा की जाएगी, इसलिए सभी विभाग अपने-अपने लंबित मामलों का निस्तारण तय समय से पहले सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि जन शिकायतों का समय पर समाधान प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने विभाग से संबंधित प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से परीक्षण करें और उसका प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
डीएम विशाल मिश्रा ने बताया कि प्रत्येक सोमवार को आयोजित होने वाले जन संवाद कार्यक्रम में भी अधिकारियों को सीएम पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की समीक्षा करने और उनका शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए जाते हैं। इसके बावजूद कुछ शिकायतें अब भी लंबित हैं, जिन्हें तत्काल प्राथमिकता के आधार पर निपटाना आवश्यक है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सीएम पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारण अनिवार्य है। यदि कोई शिकायत तय समय से अधिक लंबित पाई जाती है तो उसके लिए संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी और आवश्यक कार्रवाई भी की जा सकती है।
जिलाधिकारी ने सभी जनपद स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि 30 जुलाई से पहले अपने विभाग से संबंधित सभी लंबित शिकायतों का निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की प्रस्तावित समीक्षा बैठक से पहले किसी भी विभाग का कोई प्रकरण लंबित नहीं रहना चाहिए और शिकायतों के निस्तारण में पूरी पारदर्शिता एवं जवाबदेही बरती जाए।














Leave a Reply