भीरी में निःशुल्क मोतियाबिंद शिविर, 65 लोगों की आंखों की जांच, 10 मरीजों का होगा मुफ्त ऑपरेशन

रुद्रप्रयाग: राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत राष्ट्रीय दृष्टिविहीनता नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भीरी में निःशुल्क मोतियाबिंद जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 65 लोगों की आंखों की जांच की गई, जिसमें 10 मरीजों में मोतियाबिंद की पुष्टि हुई। इन सभी मरीजों का देहरादून स्थित विवेकानंद नेत्रालय, रामकृष्ण मिशन आश्रम में पूरी तरह निःशुल्क ऑपरेशन किया जाएगा।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सीमा टेकचंदानी के निर्देशन में आयोजित इस शिविर में विवेकानंद नेत्रालय, रामकृष्ण मिशन आश्रम, किशनपुर (देहरादून) की विशेषज्ञ टीम ने ग्रामीणों की आंखों की जांच की। ऑपरेशन के लिए चयनित मरीजों को रविवार को अस्पताल की टीम देहरादून लेकर जाएगी, जहां उनका निःशुल्क उपचार किया जाएगा।

शिविर के दौरान केवल मोतियाबिंद की जांच ही नहीं की गई, बल्कि निकट दृष्टि दोष से पीड़ित 10 ग्रामीणों को मुफ्त चश्मे भी वितरित किए गए। इसके अलावा 40 लोगों को आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई गईं, जिससे उन्हें आंखों से जुड़ी सामान्य समस्याओं में राहत मिल सके।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सीमा टेकचंदानी ने बताया कि जिले में लोगों को बेहतर नेत्र स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ऐसे शिविर लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में अगला निःशुल्क मोतियाबिंद शिविर 1 अगस्त को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जखोली में लगाया जाएगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे इन शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। शिविर से संबंधित जानकारी के लिए लोग अपने क्षेत्र की आशा फेसिलिटेटर या आशा कार्यकर्ता से संपर्क कर सकते हैं।

शिविर में विवेकानंद नेत्रालय, रामकृष्ण मिशन आश्रम, किशनपुर देहरादून के नेत्र विशेषज्ञ डॉ. नितिन रावत, दृष्टिमितिज्ञ सुभाष वर्तवाल, फार्मेसिस्ट सौरभ रावत तथा सहायक सूरज और सुरेश कुमार ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!