रुद्रप्रयाग: जनपद में शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने विकास भवन सभागार में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी लेते हुए शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
बैठक में विद्यालयों में संचालित मध्याह्न भोजन (मिड-डे मील) के किचनों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद के सभी स्कूलों के किचनों का चरणबद्ध तरीके से उन्नयन किया जाएगा। इसके लिए विभिन्न सरकारी योजनाओं के साथ-साथ कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) फंड का भी उपयोग किया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
शिक्षा की गुणवत्ता को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी ने उन विद्यालयों का विशेष शैक्षणिक परीक्षण कराने के निर्देश दिए, जिनका परीक्षा परिणाम संतोषजनक नहीं रहा है। उन्होंने जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) को ऐसे विद्यालयों का विस्तृत मूल्यांकन कर सुधार के लिए आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं का सुदृढ़ होना बेहद जरूरी है। इसी दिशा में किचनों के उन्नयन के साथ अन्य आवश्यक सुविधाओं को भी चरणबद्ध तरीके से विकसित किया जाएगा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, मुख्य शिक्षा अधिकारी अजय कुमार चौधरी, जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेश मिश्रा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सीमा टेकचंदानी सहित शिक्षा विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।














Leave a Reply