नैनीताल में 16 से 23 सितंबर तक धूमधाम से होगा माँ नन्दा-सुनन्दा देवी महोत्सव, 23 उपसमितियों का गठन


नैनीताल: सरोवर नगरी नैनीताल में उत्तराखंड की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान माने जाने वाले सुप्रसिद्ध माँ नन्दा-सुनन्दा देवी महोत्सव 2026 का आयोजन इस वर्ष 16 सितंबर से 23 सितंबर तक भव्य रूप से किया जाएगा। महोत्सव की तैयारियों को लेकर श्री राम सेवक सभा की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें आयोजन को सफल बनाने के लिए 23 उपसमितियों का गठन किया गया।

बैठक में पंचांग और आचार्यों की सलाह के आधार पर महोत्सव की तिथियों और कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया गया। तय कार्यक्रम के अनुसार 16 सितंबर (पंचमी) को कदली दल (केले के वृक्ष) रवाना करने के साथ महोत्सव का शुभारंभ होगा। वहीं 19 सितंबर (भाद्रपद अष्टमी) को ब्रह्ममुहूर्त में माँ नन्दा-सुनन्दा की प्रतिमाओं की स्थापना की जाएगी। 23 सितंबर को पारंपरिक डोला नगर भ्रमण के साथ महोत्सव का समापन होगा।

महोत्सव के दौरान कन्या पूजन, विश्व शांति के लिए हवन, महाभंडारा सहित विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम निर्धारित तिथियों पर आयोजित किए जाएंगे।

श्री राम सेवक सभा के पदाधिकारी डॉ. ललित तिवारी ने बताया कि आयोजन को सुव्यवस्थित और भव्य बनाने के लिए 23 उपसमितियों का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि महोत्सव की सफलता के लिए राज्य सरकार, जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नगर पालिका और डीएसए सहित विभिन्न विभागों का सहयोग लिया जाएगा। इसके अलावा शहर के श्रद्धालुओं, महिलाओं, सामाजिक संगठनों और गणमान्य नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए अलग-अलग बैठकें भी आयोजित की जाएंगी।

डॉ. तिवारी ने कहा कि इस वर्ष आयोजन को और अधिक भव्य एवं व्यवस्थित बनाने के साथ-साथ शहरवासियों से सुझाव भी आमंत्रित किए जाएंगे। उन्होंने इसे उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और लोक परंपराओं का प्रतीक बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से महोत्सव में भागीदारी की अपील की।

उन्होंने बताया कि नैनीताल में माँ नन्दा देवी महोत्सव की शुरुआत वर्ष 1903 में स्वर्गीय मोती राम साह ने की थी। इसके बाद वर्ष 1926 से श्री राम सेवक सभा लगातार इस ऐतिहासिक महोत्सव का आयोजन कर रही है और उत्तराखंड की सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

बैठक की अध्यक्षता मनोज साह ने की, जबकि संचालन जगदीश बवाड़ी ने किया। बैठक में घनश्याम लाल साह, अशोक साह, राजेंद्र बिष्ट, विमल चौधरी, बिमल साह, राजेंद्र लाल साह, दीपक साह, गिरीश भट्ट, आनंद बिष्ट, राजेंद्र बजेठा, देवेंद्र लाल साह, भीम सिंह कार्की, कैलाश बोरा और भुवन बिष्ट सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!