सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा: नैनीताल से 37 श्रद्धालु हुए रवाना, सांसद अजय भट्ट ने दिखाई हरी झंडी

रिपोर्ट: ललित जोशी

नैनीताल: उत्तराखंड सरकार की महत्वाकांक्षी सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा के तहत नैनीताल जिले से 37 श्रद्धालुओं का जत्था सोमवार को हल्द्वानी रोडवेज बस स्टेशन से गुजरात स्थित प्रथम ज्योतिर्लिंग भगवान सोमनाथ धाम के लिए रवाना हुआ। श्रद्धालुओं की बस को नैनीताल सांसद अजय भट्ट ने हरी झंडी दिखाकर शुभ यात्रा के लिए रवाना किया।

इस दौरान श्रद्धालुओं ने केंद्र और राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की इस पहल की सराहना की। श्रद्धालुओं ने कहा कि सरकार की इस योजना से आर्थिक रूप से कमजोर और तीर्थ यात्रा की इच्छा रखने वाले लोगों का सपना साकार हो रहा है।

सरकार की योजना से आमजन को मिला तीर्थ यात्रा का अवसर

रवानगी के मौके पर सांसद अजय भट्ट ने कहा कि यह सरकार की एक सराहनीय और जनकल्याणकारी पहल है। उन्होंने बताया कि कई लोग आर्थिक या अन्य कारणों से तीर्थ यात्रा नहीं कर पाते थे, लेकिन अब सरकार उन्हें निःशुल्क यात्रा का अवसर उपलब्ध करा रही है।

उन्होंने कहा कि इस यात्रा में श्रद्धालुओं के लिए आना-जाना, आवास, भोजन, चिकित्सा और स्थानीय परिवहन सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी तरह निःशुल्क की गई हैं। उन्होंने सभी यात्रियों के सुखद एवं मंगलमय तीर्थ यात्रा की कामना करते हुए प्रदेश और देश की समृद्धि के लिए प्रार्थना करने का आग्रह किया।

हर्रावाला से विशेष ट्रेन के जरिए पहुंचेगी यात्रा सोमनाथ

जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति आर्या ने बताया कि हल्द्वानी से रवाना हुए श्रद्धालु पहले देहरादून पहुंचेंगे। वहां उत्तराखंड के सभी 13 जिलों से आए श्रद्धालु एकत्र होंगे।

इसके बाद हर्रावाला (देहरादून) से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर गुजरात स्थित सोमनाथ धाम के लिए रवाना करेंगे। इस यात्रा की विशेषता यह भी है कि उत्तराखंड के सभी 13 जिलों से पवित्र जल से भरे कलश भी श्रद्धालु अपने साथ सोमनाथ धाम लेकर जाएंगे।

14 महिलाएं और 23 पुरुष यात्रा में शामिल

जिला पर्यटन विभाग के अनुसार नैनीताल जिले से कुल 37 श्रद्धालु इस यात्रा में शामिल हुए हैं, जिनमें 14 महिलाएं और 23 पुरुष शामिल हैं।

राज्य सरकार द्वारा संचालित इस विशेष धार्मिक एवं सांस्कृतिक यात्रा में यात्रियों को एसी रेल यात्रा, आवास, भोजन और स्थानीय परिवहन की सुविधाएं पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। यात्रा में महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक, युवा, स्वयंसेवक तथा विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े लोग शामिल हैं। इस पहल का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों को भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत से जोड़ना है।

कार्यक्रम में रहे मौजूद

इस अवसर पर उत्तराखंड सरकार में दर्जा राज्यमंत्री दीपक माहरा, मोहन पाठक, सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण खाती, उपजिलाधिकारी मोनिका, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, तहसीलदार कुलदीप पांडे, खंड विकास अधिकारी असगर तनवीर सहित कई अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!