रिमझिम बारिश और घने कोहरे के बीच भी नैनीताल में पर्यटकों का उत्साह बरकरार, नौकाविहार का ले रहे आनंद

नैनीताल: सरोवर नगरी नैनीताल में पिछले कई दिनों से लगातार मौसम खराब बना हुआ है। रुक-रुक कर हो रही बारिश, घना कोहरा और ठंड के बावजूद पर्यटकों का उत्साह कम नहीं हुआ है। दूर-दराज से पहुंचे सैलानी मौसम का आनंद लेते हुए नैनी झील में नौकाविहार और शहर की खूबसूरती का भरपूर लुत्फ उठा रहे हैं।

मंगलवार देर रात हुई मूसलाधार बारिश का असर जिले में साफ दिखाई दिया। भारी बारिश के कारण छह सड़कें बंद हो गईं, जिनमें चार ग्रामीण मार्ग, एक प्रमुख राज्य मार्ग और एक जिला मार्ग शामिल हैं। हालांकि प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है और कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है।

सुबह के समय नैनीताल घने कोहरे की चादर में लिपटा रहा। दृश्यता बेहद कम होने के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को दिन में भी हेडलाइट जलाकर सफर करना पड़ा। खराब मौसम का असर स्कूलों में भी देखने को मिला, जहां विद्यार्थियों की उपस्थिति सामान्य दिनों की तुलना में कम रही।

इसके बावजूद जैसे ही मौसम में थोड़ी राहत मिलती है, पर्यटक अपने होटलों से बाहर निकलकर शहर की वादियों, माल रोड और नैनी झील का आनंद लेने पहुंच जाते हैं। हल्की बारिश के बीच नौकाविहार का अनुभव पर्यटकों को खासा आकर्षित कर रहा है।

लगातार बारिश से स्थानीय फुटपाथ दुकानदारों के सामने भी मुश्किलें बढ़ गई हैं। ग्राहकों की संख्या कम होने से उनके कारोबार पर असर पड़ रहा है। वहीं ठंड बढ़ने के कारण स्थानीय लोगों और पर्यटकों की गर्म कपड़ों की खरीदारी में भी इजाफा देखा जा रहा है।

उत्तराखंड मौसम विभाग ने अगले दो दिनों, बुधवार और गुरुवार को भी मौसम खराब रहने की संभावना जताई है। विभाग ने लोगों और पर्यटकों से सावधानी बरतने तथा मौसम से जुड़े अपडेट पर नजर बनाए रखने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!