सरोवर नगरी नैनीताल में प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर एसडीएम नवाजिश खलीक एक्शन मोड में दिखाई दिए। उन्होंने बिना किसी पूर्व सूचना के शहर के कई महत्वपूर्ण सरकारी विभागों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। एसडीएम की इस कार्रवाई को कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत की कार्यशैली से जोड़कर देखा जा रहा है।
निरीक्षण की शुरुआत बीडी पांडे अस्पताल से हुई, जहां एसडीएम ने अस्पताल में भर्ती मरीजों और तीमारदारों से बातचीत कर सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने यह भी जांच की कि कहीं मरीजों को बाहर से दवाइयां खरीदने के लिए मजबूर तो नहीं किया जा रहा है। अस्पताल के रिकॉर्ड और साफ-सफाई व्यवस्था का भी गहन निरीक्षण किया गया।
इसके बाद एसडीएम ने जल संस्थान कार्यालय पहुंचकर शहर की पेयजल व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गर्मी के मौसम में शहर के सभी क्षेत्रों में नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए और लीकेज की शिकायतों का तत्काल समाधान किया जाए।
वहीं उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड कार्यालय के निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने अभिलेखों और रजिस्टरों की जांच की। व्यवस्थाओं में लापरवाही मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित मामलों की जानकारी जिलाधिकारी को देने की बात कही।
एसडीएम के अचानक निरीक्षण से सरकारी विभागों में हड़कंप की स्थिति बनी रही। प्रशासन का कहना है कि आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
















Leave a Reply