नैनीताल में घने कोहरे और बारिश से जनजीवन प्रभावित, पर्यटकों की आवाजाही घटी

सरोवर नगरी नैनीताल में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। देर रात से लगातार हो रही बारिश और घने कोहरे ने पूरे शहर के जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। हालात ऐसे हैं कि कई स्थानों पर दृश्यता बेहद कम हो गई है और आमने-सामने खड़े व्यक्ति तक को देख पाना मुश्किल हो रहा है। तेज गर्जना के साथ हो रही बारिश ने लोगों की दिनचर्या पर भी असर डाला है।

बारिश और घने कोहरे के कारण नैनीताल की प्रसिद्ध झील में सुबह से नौकायन पूरी तरह ठप रहा। वहीं, सड़कों पर वाहन चालकों को भी कम दृश्यता के चलते सावधानी के साथ वाहन चलाने पड़ रहे हैं। मौसम खराब होने की वजह से शहर में सामान्य दिनों की तुलना में काफी सन्नाटा देखने को मिल रहा है।

पर्यटकों की संख्या में भी स्पष्ट कमी दर्ज की जा रही है। जो पर्यटक पहले से नैनीताल और आसपास के पर्यटन स्थलों की सैर के लिए पहुंचे हुए हैं, वे खराब मौसम के चलते अधिकतर समय अपने होटलों में ही ठहरे हुए हैं। मौसम में आई इस गिरावट का असर होटल व्यवसाय पर भी दिखाई दे रहा है। कुछ दिन पहले तक महंगे दामों पर उपलब्ध होटल अब अपेक्षाकृत कम कीमत पर पर्यटकों को मिल रहे हैं।

हालांकि पर्यटकों की संख्या कम होने से शहर में लगने वाले ट्रैफिक जाम से स्थानीय लोगों को राहत मिली है। पिछले दिनों भारी भीड़ के कारण पैदल यात्रियों और वाहन चालकों को लंबी जाम की समस्या का सामना करना पड़ रहा था, लेकिन वर्तमान मौसम के चलते यातायात सामान्य बना हुआ है।

इधर, स्कूलों में भी नए सत्र की पढ़ाई शुरू हो चुकी है। इसके चलते भी पर्यटकों की संख्या में स्वाभाविक कमी देखी जा रही है। विश्व प्रसिद्ध बाबा नीम करौली महाराज के कैंची धाम में भी श्रद्धालुओं की आवाजाही पहले की तुलना में कम हो गई है।

मौसम में आई ठंडक के कारण लोगों ने एक बार फिर गर्म कपड़ों का सहारा लेना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, मानसून सक्रिय रहने के कारण आने वाले दिनों में नैनीताल और आसपास के क्षेत्रों में बारिश और कोहरे का दौर जारी रहने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!