सरोवर नगरी नैनीताल इन दिनों पर्यटकों की चहल-पहल से पूरी तरह गुलजार है। शुक्रवार से ही शहर में पर्यटकों के आने का सिलसिला लगातार जारी है, जिसके चलते पूरे इलाके में रौनक देखने को मिल रही है। पहाड़ी ठंडक, हल्की धुंध और ठंडी हवाएं पर्यटकों को खासा आकर्षित कर रही हैं।
बाबा नीम करौली महाराज धाम मंदिर में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। वहीं मौसम के सामान्य रहने के बावजूद आसमान में बादलों की मौजूदगी और हल्के कोहरे ने नैनीताल के मौसम को और भी सुहावना बना दिया है। इसी सुहावने मौसम का आनंद लेने के लिए पर्यटक नैनीताल झील में नौकाविहार का भरपूर लुत्फ उठा रहे हैं।
नैनीताल के प्रमुख पर्यटन स्थलों स्नोव्यू, देव मंदिर, हिमालय दर्शन, माँ नैना देवी मंदिर, हनुमान गढ़ और गोलज्यू देवता मंदिर में भी पर्यटकों की अच्छी खासी भीड़ देखी जा रही है। इसके अलावा भीमताल, सातताल, नौकुचियाताल और सरियाताल जैसे आसपास के पर्यटन स्थलों पर भी लगातार पर्यटकों का जमावड़ा लगा हुआ है।
पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिसकर्मी सुबह से ही प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में तैनात हैं। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की जाम की स्थिति उत्पन्न न हो और पर्यटकों को किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।
जहां मैदानी और तराई क्षेत्रों में भीषण गर्मी लोगों को परेशान कर रही है, वहीं नैनीताल की ठंडी हवाएं पर्यटकों के लिए राहत लेकर आई हैं। इसी कारण बड़ी संख्या में लोग यहां “ठंडी ठंडी हवाओं का आनंद लेने नैनीताल” पहुंच रहे हैं।
शनिवार और रविवार को पर्यटकों की भीड़ और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि मौसम फिलहाल अनुकूल बना हुआ है, लेकिन पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण यहां मौसम कभी भी करवट ले सकता है।














Leave a Reply