उत्तराखंड का प्रसिद्ध पर्यटन स्थल नैनीताल इन दिनों सैलानियों से भरा हुआ है। मैदानी इलाकों में तेज गर्मी से परेशान लोग ठंडक की तलाश में बड़ी संख्या में यहां पहुंच रहे हैं, जिससे शहर में रौनक बढ़ गई है।
शुक्रवार से ही पर्यटकों का आना लगातार जारी है और वीकेंड नजदीक आते ही भीड़ में और इजाफा देखने को मिल रहा है। होटल, बाजार और झील क्षेत्र में खासा जमावड़ा नजर आ रहा है।
धार्मिक स्थलों पर भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी जा रही है। खासकर बाबा नीम करौली महाराज धाम में दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी हुई हैं।
मौसम की बात करें तो आसमान में हल्के बादल और कोहरे की मौजूदगी से वातावरण ठंडा बना हुआ है। ठंडी हवाओं के बीच पर्यटक नैनीताल झील में नौकाविहार का भरपूर आनंद ले रहे हैं। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर कोई इस सुहावने मौसम का लुत्फ उठा रहा है।
इसके अलावा स्नोव्यू, हिमालय दर्शन, मां नैना देवी मंदिर, हनुमानगढ़ी और गोलज्यू देवता मंदिर जैसे प्रमुख स्थलों पर भी दिनभर पर्यटकों की चहल-पहल बनी हुई है। वहीं, आसपास के भीमताल, सातताल और नौकुचियाताल में भी सैलानियों की अच्छी खासी भीड़ देखी जा रही है।
भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर प्रमुख चौराहों पर पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं, जो लगातार यातायात को नियंत्रित कर रहे हैं, ताकि किसी तरह का जाम न लगे।
शनिवार और रविवार को पर्यटकों की संख्या और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम का मिजाज कब बदल जाए, इसका अनुमान लगाना मुश्किल है।
अगर आप भी गर्मी से राहत पाना चाहते हैं, तो नैनीताल की ठंडी वादियां और मनमोहक नजारे आपका इंतजार कर रहे हैं।
















Leave a Reply