नैनीताल: सरोवर नगरी नैनीताल से करीब 65 किलोमीटर दूर हल्द्वानी के मीरा मार्ग स्थित माशा शूज नामक जूते-चप्पलों की दुकान में देर रात भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग की सूचना मिलते ही फायर सर्विस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और तेजी से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
फायर ब्रिगेड की मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई के चलते आग पर समय रहते काबू पा लिया गया। इससे आसपास स्थित अन्य दुकानों और प्रतिष्ठानों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया। यदि आग पर जल्द नियंत्रण नहीं पाया जाता तो क्षेत्र में बड़ा आर्थिक नुकसान हो सकता था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आग से प्रभावित दुकान सुमेर सिद्दीकी पुत्र मतीन सिद्दीकी की बताई जा रही है। आग की घटना में दुकान के भीतर रखा अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो गया। नुकसान का आकलन किया जा रहा है और संबंधित विभाग द्वारा विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
फायर सर्विस अधिकारियों ने बताया कि टीम के समय पर पहुंचने और प्रभावी कार्रवाई के कारण आग को अन्य दुकानों तक फैलने से रोक लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।
वहीं, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी आग लगने के कारणों की जांच में जुट गए हैं। शुरुआती स्तर पर आग के कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।
स्थानीय व्यापारियों और लोगों ने भी फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है, जिसके चलते एक बड़ा हादसा टल गया।
















Leave a Reply