सरोवर नगरी नैनीताल से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। नैनीताल–भवाली मार्ग पर पाइंस क्षेत्र के समीप एक पर्यटक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। इस हादसे में एक पर्यटक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। तुरंत इसकी सूचना पुलिस प्रशासन को दी गई। सूचना मिलते ही तल्लीताल पुलिस, एसडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजस्थान से आए पर्यटकों का यह वाहन (थार) भवाली से नैनीताल की ओर आ रहा था। इसी दौरान पाइंस के पास वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे लगे पैराफिट को तोड़ते हुए करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।
रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को खाई से बाहर निकाला और तत्काल उपचार के लिए राजकीय बी.डी. पांडे अस्पताल, नैनीताल भेजा, जहां उनका इलाज चल रहा है।
हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान की प्रक्रिया जारी है और परिजनों को सूचना दे दी गई है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
















Leave a Reply