नई टिहरी स्थित जिला कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार को जिला योजना की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश के कृषि एवं टिहरी के प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने की। इस दौरान जिले में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जिला योजना को दीर्घकालिक और प्रभावी बनाया जाए।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि योजनाएं बनाते समय जनप्रतिनिधियों और विधायकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए। साथ ही आने वाले 30 वर्षों को ध्यान में रखते हुए विकास का रोडमैप तैयार किया जाए। उन्होंने पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए जिलाधिकारी को अलग से बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। पेयजल समस्या को गंभीर बताते हुए उन्होंने कहा कि इस दिशा में सुनियोजित और ठोस कदम उठाने की जरूरत है।
बैठक में जिलाधिकारी ने विभिन्न नवाचारों और बेस्ट प्रैक्टिस की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ‘माई ब्लॉक माई शॉप’ योजना के तहत महिलाओं को स्थानीय उत्पादों के विपणन का अवसर दिया जा रहा है। इसके अलावा जिला अस्पताल में फीडिंग रूम, ‘माई ब्लॉक माई लाइब्रेरी’, ‘फिजिक्स वाला’ के जरिए मुफ्त कोचिंग और नई खेल सुविधाओं पर भी काम जारी है।
वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए करीब 95 करोड़ 21 लाख 50 हजार रुपये की मांग रखी गई। बैठक में कृषि, पशुपालन, पर्यटन, शिक्षा और स्वास्थ्य समेत कई विभागों की योजनाओं की प्रस्तुति दी गई। इनमें ट्राउट और कीवी उत्पादन, गोट वैली, पर्यटन व्यू प्वाइंट्स, अस्पतालों की मरम्मत और स्कूलों में शौचालय निर्माण जैसे प्रमुख कार्य शामिल रहे।
विधायकों ने बैठक में कई अहम मुद्दे उठाए। प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह नेगी ने क्षेत्र में पेयजल संकट पर चिंता जताई। वहीं टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय और नगर पालिका अध्यक्ष मोहन रावत ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठाए। रिंग रोड और स्कूलों में शौचालय निर्माण को लेकर भी चर्चा हुई।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण, विधायक प्रीतम सिंह पंवार, बीजेपी जिलाध्यक्ष उदय रावत सहित कई जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।














Leave a Reply