नैनीताल जनपद में लंबे समय तक राजस्व उपनिरीक्षक के पद पर सेवाएं देने वाले ताराचंद घिल्डियाल ने 22 वर्षों की सरकारी सेवा के बाद स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) ले ली है। अब उन्होंने समाज सेवा और जनजागरूकता के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने का फैसला किया है।
ताराचंद घिल्डियाल ने बताया कि वह वर्ष 2003 से राजस्व उपनिरीक्षक के पद पर कार्यरत थे और 30 अप्रैल 2026 को उनका सेवानिवृत्ति आवेदन स्वीकृत हो गया।
‘नेकी की दीवार’ से आगे बढ़ेगा सामाजिक अभियान
सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने कहा कि अब उनका पूरा ध्यान सामाजिक सरोकारों और जनहित के मुद्दों पर रहेगा। उन्होंने बताया कि उनकी संस्था “नेकी की दीवार” पहले से ही सामाजिक कार्यों में सक्रिय रही है, जिसे अब और व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाया जाएगा।
‘नेकी प्रहरी विंग’ की शुरुआत
ताराचंद घिल्डियाल ने ‘नेकी प्रहरी विंग’ की शुरुआत की घोषणा करते हुए बताया कि विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक बूथ स्तर पर प्रहरी संयोजक नियुक्त किए जाएंगे। ये संयोजक अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं को चिन्हित कर संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।
उन्होंने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य शिक्षा, स्वास्थ्य, संस्कृति और सामाजिक जागरूकता को मजबूत करना है। जमीनी स्तर पर काम करने से आम लोगों की वास्तविक समस्याओं को समझना और उनका समाधान करना आसान होगा।
राजनीतिक जागरूकता पर रहेगा विशेष फोकस
ताराचंद घिल्डियाल ने कहा कि आज के समय में मतदाताओं को अपने अधिकारों और जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही को समझना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि अक्सर जनता चुनाव के बाद अपने प्रतिनिधियों से किए गए वादों की समीक्षा नहीं कर पाती, जिससे जवाबदेही कमजोर हो जाती है।
इसी को ध्यान में रखते हुए ‘नेकी प्रहरी विंग’ के माध्यम से विधानसभा स्तर पर राजनीतिक जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के जरिए जनता से फीडबैक लेकर उसे सरकार और जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल के कुछ महीने शेष हैं और ऐसे में यह पहल जनता की अपेक्षाओं को समझने और विकास कार्यों को बेहतर बनाने में मददगार साबित हो सकती है।
ताराचंद घिल्डियाल ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य समाज और प्रशासन के बीच बेहतर संवाद स्थापित कर एक जागरूक और जिम्मेदार समाज का निर्माण करना है।














Leave a Reply