नैनीताल: सरोवर नगरी नैनीताल सहित पूरे उत्तराखंड में शनिवार को कारगिल विजय दिवस पूरे सम्मान और देशभक्ति के भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नैनीताल के शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी, पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और अन्य गणमान्य लोगों ने वीर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम के दौरान शहीदों के चित्रों पर माल्यार्पण किया गया और उनके अद्वितीय शौर्य, साहस तथा मातृभूमि की रक्षा के लिए दिए गए सर्वोच्च बलिदान को नमन किया गया। उपस्थित सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर कारगिल युद्ध के अमर वीरों को श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि कारगिल के वीर सैनिकों का पराक्रम, राष्ट्रभक्ति और बलिदान हमेशा देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीदों का राष्ट्र सदैव ऋणी रहेगा। उनका त्याग, समर्पण और साहस आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
उन्होंने कहा कि कारगिल के शहीदों की वीरगाथा हर भारतीय के दिल में देशभक्ति की भावना को और मजबूत करती है। ऐसे वीर सपूतों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति सदैव समर्पित रहने का संकल्प लिया। पूरे आयोजन के दौरान देशभक्ति का माहौल देखने को मिला और सभी ने वीर शहीदों को नमन करते हुए उनके बलिदान को याद किया।
















Leave a Reply