मूसलाधार बारिश और घने कोहरे से नैनीताल बेहाल, प्रशासन अलर्ट मोड में

नैनीताल में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और घने कोहरे ने सामान्य जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। शहर के अधिकांश इलाकों में दृश्यता बेहद कम हो गई है, जिससे लोगों और वाहन चालकों को काफी सावधानी बरतनी पड़ रही है।

खराब मौसम का असर पर्यटन पर भी साफ दिखाई दे रहा है। नैनीताल की माल रोड, जो आम दिनों में पर्यटकों से गुलजार रहती है, इन दिनों लगभग खाली नजर आ रही है। लगातार बारिश के कारण लोग घरों और होटलों में रहने को मजबूर हैं।

मौसम की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने 10 जुलाई, शुक्रवार को स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया है। साथ ही लोगों को नदी-नालों और संवेदनशील क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

बारिश के चलते जिले में कई सड़कें बंद हैं, जिनमें दो राज्य मार्ग, दो प्रमुख जिला मार्ग और कई ग्रामीण मार्ग शामिल हैं। पहाड़ों से पत्थर गिरने की घटनाओं के कारण राहत कार्य तेजी से जारी है और प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।

नैनीताल झील का जलस्तर भी लगातार बढ़ रहा है। ठंड में अचानक हुई बढ़ोतरी और खराब मौसम के कारण दैनिक गतिविधियां प्रभावित हुई हैं। मौसम विभाग ने लोगों से अगले कुछ समय तक सतर्क रहने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!