टिहरी गढ़वाल: उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ‘परिवर्तन संकल्प यात्रा’ बुधवार को टिहरी गढ़वाल जिले की धनौल्टी विधानसभा के थत्यूड़ क्षेत्र पहुंची। जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं ने क्षेत्रीय जनता से संवाद किया और आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर पार्टी की नीतियों और योजनाओं को लोगों के सामने रखा।
यात्रा के दौरान कांग्रेस को उस समय बड़ी राजनीतिक बढ़त मिली जब धनौल्टी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम क्यारी, रत्युड़ी शीर्ष, बंगसिल, मुंगलोड़ी, गैड, डिगोन, अलमस, ठाल, रोड़ा और ओनतड़ सहित विभिन्न गांवों के पांच दर्जन से अधिक लोगों ने भारतीय जनता पार्टी छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। कांग्रेस नेताओं ने सभी नए सदस्यों का पार्टी में स्वागत करते हुए इसे जनविश्वास का प्रतीक बताया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि परिवर्तन संकल्प यात्रा को क्षेत्र में व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है। उनका कहना था कि बड़ी संख्या में लोग कांग्रेस की विचारधारा से जुड़ रहे हैं और प्रदेश में राजनीतिक परिवर्तन की इच्छा जता रहे हैं। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की नीतियों से आम जनता निराश है और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश बदलाव की ओर बढ़ेगा।
यात्रा के दौरान पार्टी नेताओं ने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं और भरोसा दिलाया कि कांग्रेस सत्ता में आने पर स्थानीय विकास, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता देगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर पार्टी की नीतियों और जनहित के मुद्दों को लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह नेगी, पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुरारी लाल खंडवाल, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष एवं धनौल्टी से पूर्व प्रत्याशी मनमोहन मल्ल सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
















Leave a Reply