टिहरी गढ़वाल जिले के देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत कीर्तिनगर कोतवाली के बागवान स्थित एक पेट्रोल पंप पर कार्यरत कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई गतिविधियां
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक देर रात पेट्रोल पंप से बाहर जाता हुआ सीसीटीवी कैमरों में दिखाई दिया। कुछ समय बाद वह दोबारा पेट्रोल पंप पर लौटा। लौटने के कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उसे खून की उल्टियां होने लगीं। स्थिति गंभीर होने पर उसकी मौत हो गई।
मृतक की हुई पहचान
कीर्तिनगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय मिश्रा ने बताया कि मृतक की पहचान सुनील भट्ट (38 वर्ष), पुत्र मणिराम भट्ट, निवासी ग्राम बागवान, कीर्तिनगर, टिहरी गढ़वाल के रूप में हुई है।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम कर रही जांच
पुलिस ने बताया कि फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
जांच अधिकारी के अनुसार, मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मौत किसी दुर्घटना, बीमारी या अन्य किसी कारण से हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
















Leave a Reply