देहरादून में क्विक रिस्पॉन्स टीम का शुभारंभ, शादी समारोहों से भी तुरंत उठेगा कूड़ा; शहर को मिलेगा स्वच्छता का नया मॉडल

देहरादून: राजधानी देहरादून में नागरिक सुविधाओं को अधिक प्रभावी और त्वरित बनाने की दिशा में नगर निगम ने एक नई पहल की है। शुक्रवार को क्विक रिस्पॉन्स टीम (Quick Response Team) का औपचारिक शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर शहरी विकास एवं कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने पांच विशेष वाहनों को हरी झंडी दिखाकर टीम को रवाना किया।

कार्यक्रम में देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल, नगर आयुक्त आलोक पाण्डेय, पार्षदों और नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों की भी मौजूदगी रही।

कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड को ग्रीन और क्लीन बनाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। इसी अभियान को और मजबूत करने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि नगर निगम, जनप्रतिनिधियों और कर्मचारियों के संयुक्त प्रयास से शहर को अधिक स्वच्छ और व्यवस्थित बनाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि यह टीम विशेष रूप से शादी समारोहों, सामाजिक आयोजनों और बड़े सार्वजनिक कार्यक्रमों के दौरान मौके पर पहुंचकर तुरंत कूड़ा-कचरा एकत्र करेगी और उसे निर्धारित निस्तारण स्थल तक पहुंचाएगी। इससे सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा जमा नहीं होगा तथा शहर की स्वच्छता व्यवस्था और अधिक प्रभावी बनेगी।

नगर निगम का मानना है कि इस पहल से न केवल कचरा प्रबंधन में तेजी आएगी, बल्कि नागरिकों को भी बेहतर और त्वरित सफाई सेवाएं मिलेंगी। क्विक रिस्पॉन्स टीम शहर को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!