देहरादून: भारतीय जनता पार्टी ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूरे उत्तराखंड में ‘हर घर तिरंगा’ और ‘तिरंगा यात्रा’ अभियान को व्यापक स्तर पर आयोजित करने की तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी ने घोषणा की है कि 10 अगस्त से 15 अगस्त 2026 तक राज्यभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के तहत हर घर पर तिरंगा फहराने, तिरंगा यात्राएं निकालने, शहीदों का सम्मान करने और जनजागरण कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को विकसित भारत 2047 के संकल्प से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेन्द्र भट्ट के निर्देश पर अभियान को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। उन्होंने कहा कि 13 से 15 अगस्त के बीच राज्य के प्रत्येक घर तक तिरंगा पहुंचाने और उसे फहराने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान में सांसद, विधायक, मंत्री, जनप्रतिनिधि और पार्टी कार्यकर्ता मिलकर अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करेंगे। अभियान के संचालन के लिए प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेंद्र बिष्ट के संयोजन में प्रदेश स्तरीय टीम का गठन किया गया है, जिसमें गुंजन सुखीजा, गौरव पांडेय और विपुल मैंदोली को सह-संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट ने अपने संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुआ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान आज राष्ट्रभक्ति का एक जन आंदोलन बन चुका है। उन्होंने कहा कि इस अभियान ने राष्ट्रीय ध्वज के प्रति लोगों के सम्मान, गर्व और आत्मीयता की भावना को और मजबूत किया है। उनके अनुसार पिछले वर्षों की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में लोग अभियान से जुड़ेंगे और स्वतंत्रता दिवस को राष्ट्रोत्सव के रूप में मनाएंगे।
भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने बताया कि अभियान के दौरान प्रत्येक मंडल और जिले में तिरंगा यात्राएं, देशभक्ति गीतों के कार्यक्रम, राष्ट्रगान, स्वच्छता अभियान, शहीद स्मारकों पर श्रद्धांजलि, और वीर सैनिकों व शहीद पुलिसकर्मियों के परिवारों का सम्मान जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा युवाओं, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों, महिला समूहों, पूर्व सैनिकों और विभिन्न वर्गों के लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विशेष जनजागरण अभियान भी चलाया जाएगा।
भाजपा का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य केवल तिरंगा फहराना नहीं, बल्कि देशभक्ति की भावना को मजबूत करना, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और वीर सपूतों के योगदान को याद करना तथा समाज के सभी वर्गों को राष्ट्र निर्माण के संकल्प से जोड़ना है। पार्टी को उम्मीद है कि इस वर्ष भी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान जनभागीदारी के नए आयाम स्थापित करेगा और स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को और अधिक भव्य बनाएगा।














Leave a Reply