‘सफलता केवल अंकों से नहीं, चरित्र और संस्कार से मिलती है’: डीजी सूचना बंशीधर तिवारी

देहरादून: डीजी सूचना एवं मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने विद्यार्थियों से केवल अच्छे अंक हासिल करने तक सीमित न रहने, बल्कि चरित्र, नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वास्तविक सफलता वही है, जो ज्ञान के साथ अच्छे संस्कार और जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना से जुड़ी हो।

बंशीधर तिवारी देहरादून के नगर निगम टाउन हॉल ऑडिटोरियम में एसबीएस यूनिवर्सिटी और द टाइम्स ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘टाइम्स अचीवर्स 2026’ समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सफलता किसी एक दिन में नहीं मिलती, बल्कि निरंतर मेहनत, सीखने की इच्छा और मजबूत जीवन मूल्यों के बल पर हासिल होती है।

उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि परीक्षा के अंक और डिग्रियां जीवन का एक हिस्सा हैं, लेकिन ईमानदारी, अनुशासन, धैर्य, संवेदनशीलता और उद्देश्यपूर्ण जीवन जैसे गुण व्यक्ति को वास्तविक अर्थों में सफल बनाते हैं। उनके अनुसार करियर में उपलब्धियां अवसर जरूर देती हैं, लेकिन परिवार के मूल्यों का सम्मान और समाज के प्रति सकारात्मक योगदान ही जीवन को सार्थक बनाता है।

डीजी सूचना ने कहा कि तेजी से आगे बढ़ रहे भारत को ऐसे युवाओं की जरूरत है, जो पेशेवर उत्कृष्टता के साथ नैतिक नेतृत्व, नवाचार और जिम्मेदार नागरिकता का परिचय दें। उन्होंने विद्यार्थियों से सफलता मिलने के बाद भी विनम्र और कृतज्ञ बने रहने की अपील करते हुए कहा कि यही गुण उन्हें समाज में अलग पहचान दिलाएंगे।

उन्होंने एसबीएस यूनिवर्सिटी और द टाइम्स ऑफ इंडिया की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ‘टाइम्स अचीवर्स 2026’ जैसे कार्यक्रम मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान करने के साथ-साथ उन्हें बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और उत्कृष्टता की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा भी देते हैं। ऐसे आयोजन युवा प्रतिभाओं का मनोबल बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

समारोह के दौरान विभिन्न विद्यालयों के मेधावी विद्यार्थियों और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले संस्थानों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षाविदों, विद्यालयों के प्रमुखों, अभिभावकों और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!