देहरादून: उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा द्वारा आयोजित किए जा रहे ‘लखपति दीदी सम्मेलन’ प्रदेशभर में महिला सशक्तिकरण का बड़ा अभियान बनकर उभर रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान के तहत अब तक प्रदेश की 39 विधानसभा क्षेत्रों में सम्मेलन आयोजित किए जा चुके हैं, जहां 3,220 लखपति दीदियों को सम्मानित किया गया है। इन सम्मेलनों का उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी उन महिलाओं को सम्मानित करना है, जिन्होंने अपने परिश्रम, कौशल और आत्मनिर्भरता के बल पर आर्थिक सफलता हासिल की है।
सम्मेलनों में बड़ी संख्या में स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं, जनप्रतिनिधि, भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारी और स्थानीय लोग शामिल हुए। कार्यक्रम केवल सम्मान समारोह तक सीमित नहीं रहे, बल्कि महिलाओं ने अपने संघर्ष और सफलता की प्रेरणादायक कहानियां भी साझा कीं। इन अनुभवों ने अन्य महिलाओं को भी स्वरोजगार और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
प्रदेशभर में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, टिहरी, हरिद्वार, देहरादून, ऋषिकेश, रुड़की, पौड़ी, कोटद्वार, पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा, चम्पावत, नैनीताल, काशीपुर और ऊधम सिंह नगर सहित कई जिलों की विधानसभा क्षेत्रों में हजारों महिलाओं को सम्मानित किया गया। सबसे अधिक सम्मान टिहरी, ऊधम सिंह नगर और पिथौरागढ़ जिलों में देखने को मिला, जहां बड़ी संख्या में महिलाओं ने इस अभियान में भागीदारी की।
प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण का जो संकल्प लिया गया था, वह अब जमीन पर दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं न केवल अपने परिवार की आय बढ़ा रही हैं, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान कर रही हैं। उनके अनुसार ‘लखपति दीदी’ अभियान ग्रामीण महिलाओं में आत्मविश्वास, सम्मान और स्वावलंबन की भावना को मजबूत कर रहा है।
उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार द्वारा महिलाओं को स्वरोजगार, उद्यमिता और आत्मनिर्भरता से जोड़ने के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की। रुचि भट्ट ने कहा कि भाजपा महिला मोर्चा का उद्देश्य केवल सफल महिलाओं का सम्मान करना नहीं, बल्कि प्रत्येक गांव और प्रत्येक विधानसभा तक आत्मनिर्भरता का संदेश पहुंचाना है, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें।
भाजपा महिला मोर्चा ने सभी जिला एवं मंडल इकाइयों, स्वयं सहायता समूहों और कार्यक्रमों में शामिल महिलाओं का आभार व्यक्त किया। संगठन ने विश्वास जताया कि उत्तराखंड आने वाले समय में महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में देश के लिए एक प्रेरक मॉडल के रूप में अपनी पहचान और मजबूत करेगा।
इसी क्रम में प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट बुधवार को पिथौरागढ़ जिले की सीमांत विधानसभा धारचूला में आयोजित होने वाले ‘लखपति दीदी सम्मेलन’ में मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगी और वहां भी लखपति दीदियों को सम्मानित करेंगी।














Leave a Reply