पिथौरागढ़: आग से होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम और जनसुरक्षा को मजबूत बनाने के उद्देश्य से पिथौरागढ़ पुलिस द्वारा लगातार अग्निसुरक्षा जागरूकता एवं निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को फायर यूनिट पिथौरागढ़ ने विभिन्न कोचिंग सेंटरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का फायर सेफ्टी ऑडिट किया।
प्रभारी अग्निशमन अधिकारी नारायण सिंह मेहरा के नेतृत्व में फायर स्टेशन पिथौरागढ़ की टीम ने क्षेत्र के कई शिक्षण संस्थानों, लाइब्रेरी और होटल-रेस्टोरेंट प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान अग्निसुरक्षा उपकरणों, आपातकालीन निकास व्यवस्था और सुरक्षा मानकों की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान जहां भी सुरक्षा संबंधी कमियां पाई गईं, वहां संबंधित संस्थानों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। साथ ही कमियों को शीघ्र दूर करने के लिए नोटिस भी दिए गए।
फायर विभाग की टीम ने संस्थानों में कार्यरत कर्मचारियों को अग्निशमन उपकरणों के सही उपयोग, आग लगने की स्थिति में तत्काल बचाव उपायों तथा आपदा के समय अपनाई जाने वाली सुरक्षा प्रक्रियाओं की जानकारी भी दी।
फायर ऑडिट अभियान के तहत अपनी लाइब्रेरी (विण), लाल बहादुर शास्त्री प्रशिक्षण अकादमी (विण), पहाड़ लाइब्रेरी (जाखनी) तथा फूडी गार्डन एंड रेस्टोरेंट सहित कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।
पुलिस और फायर विभाग ने आम नागरिकों एवं संस्थान संचालकों से अपील की है कि वे अग्निसुरक्षा मानकों का पालन करें और अपने प्रतिष्ठानों में सुरक्षा उपकरणों को हमेशा कार्यशील स्थिति में रखें, ताकि किसी भी आपात स्थिति में जान-माल की हानि को रोका जा सके।
















Leave a Reply