पिथौरागढ़: जनपद में नशा मुक्त समाज की दिशा में चल रहे अभियान के तहत कोतवाली गंगोलीहाट और थाना जाजरदेवल पुलिस द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अभियान का उद्देश्य लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना और समाज को नशे की गिरफ्त से दूर रखना है।
कोतवाली गंगोलीहाट के एसएचओ श्री कैलाश चन्द्र जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम हनेरा क्षेत्र में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। वहीं, थाना जाजरदेवल के एसओ श्री मनोज पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम नैनी में ग्रामीणों को नशा मुक्ति के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को नशे से होने वाले सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी गंभीर दुष्प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नशा न केवल व्यक्ति के जीवन को प्रभावित करता है, बल्कि पूरे परिवार और समाज को भी कमजोर कर देता है।
पुलिस टीम ने लोगों से अपील की कि वे स्वयं भी नशे से दूर रहें और अपने परिवार एवं बच्चों को भी इससे बचाने के लिए जागरूकता अपनाएं। अधिकारियों ने कहा कि समाज में नशे की रोकथाम केवल पुलिस की नहीं, बल्कि हर नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
अभियान के दौरान पुलिस ने यह भी जानकारी दी कि यदि किसी क्षेत्र में नशा तस्करी या अवैध मादक पदार्थों का कारोबार देखा जाता है तो इसकी सूचना तुरंत मानस हेल्पलाइन नंबर 1933 पर दी जा सकती है। इससे पुलिस को त्वरित कार्रवाई करने में मदद मिलेगी।
पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से समाज को नशामुक्त बनाने के लिए सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया और कहा कि जागरूक नागरिक ही एक स्वस्थ और सुरक्षित समाज की नींव रख सकते हैं।
















Leave a Reply