पिथौरागढ़: उत्तराखंड के सीमांत क्षेत्र मुनस्यारी में पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय ग्रामीणों ने मानवता और तत्परता की मिसाल पेश करते हुए एक घायल व्यक्ति का दुर्गम जंगल से सफल रेस्क्यू किया। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जिससे उसकी जान बच सकी।
जानकारी के अनुसार मुनस्यारी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम फापा निवासी भीम सिंह पाना अपनी बकरियां चराने के लिए गांव से करीब 30 से 40 किलोमीटर दूर जंगल क्षेत्र में गए हुए थे। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वे पहाड़ी से नीचे गिर गए। हादसे में उनके पैर में गंभीर चोट लग गई, जिसके कारण वे चलने-फिरने में असमर्थ हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही मुनस्यारी पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय ग्रामीणों की संयुक्त टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई। दुर्गम पहाड़ी रास्तों और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद रेस्क्यू टीम घायल तक पहुंची और उसे सुरक्षित बाहर निकालने का अभियान शुरू किया।
संयुक्त टीम ने घायल व्यक्ति को पैदल मार्ग के माध्यम से सुरक्षित सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद उन्हें वाहन से जिला चिकित्सालय पिथौरागढ़ भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस और एसडीआरएफ की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। इस सफल रेस्क्यू अभियान ने एक बार फिर साबित किया कि आपात परिस्थितियों में पुलिस और बचाव दल लोगों की सहायता के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं।
“सेवा, सुरक्षा और सहयोग” के अपने मूल मंत्र के साथ पिथौरागढ़ पुलिस लगातार जनसेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रही है।















Leave a Reply