पहली कमाई का जोश या भविष्य की होशियारी? युवाओं को संतुलित जीवन का संदेश

काशीपुर में डी-बाली ग्रुप की डायरेक्टर एवं समाजसेवी उर्वशी दत्त बाली ने युवाओं को पहली कमाई के सही प्रबंधन को लेकर महत्वपूर्ण संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में बड़ी संख्या में युवा अपनी पढ़ाई पूरी कर नई नौकरियों में प्रवेश कर रहे हैं और पहली सैलरी उनके जीवन में उत्साह, आत्मविश्वास और स्वतंत्रता की नई भावना लेकर आती है।

पहली सैलरी के साथ बढ़ती हैं जिम्मेदारियां

उर्वशी दत्त बाली ने कहा कि पहली कमाई हर युवा और उसके परिवार के लिए गर्व का क्षण होती है, लेकिन यही वह समय भी है जब सबसे ज्यादा समझदारी और संतुलन की जरूरत होती है।

उन्होंने बताया कि कई युवा नौकरी शुरू होते ही अचानक मिली आय को केवल लाइफस्टाइल बदलने का माध्यम मान लेते हैं। महंगे मोबाइल, ब्रांडेड कपड़े, अनावश्यक पार्टियां और दिखावे की होड़ में खर्च बढ़ने लगता है। कई बार गलत संगति के कारण नशे जैसी आदतें भी धीरे-धीरे जीवन का हिस्सा बन जाती हैं।

आर्थिक संतुलन खोना बन सकता है बड़ी समस्या

उन्होंने कहा कि समस्या सिर्फ ज्यादा खर्च करने की नहीं, बल्कि आर्थिक संतुलन बिगड़ने की है। जब आय से अधिक खर्च होने लगता है और बचत नहीं हो पाती, तब भविष्य को लेकर असुरक्षा और मानसिक तनाव बढ़ने लगता है।

ऐसी स्थिति का असर रिश्तों, स्वास्थ्य और आत्मविश्वास पर भी पड़ता है। इसलिए युवाओं को शुरुआत से ही वित्तीय अनुशासन अपनाने की जरूरत है।

बचत और निवेश की आदत है जरूरी

उर्वशी दत्त बाली ने कहा कि वास्तविक समझदारी केवल कमाई करने में नहीं, बल्कि उसे सही तरीके से संभालने में है। यदि युवा अपनी जरूरतों के साथ सीमित रूप में शौक पूरे करें और साथ ही बचत व निवेश की आदत डालें, तो भविष्य सुरक्षित बनाया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी बचत भी आने वाले समय में बड़ी आर्थिक सुरक्षा का आधार बन सकती है।

दो दोस्तों का उदाहरण देकर समझाई बात

उन्होंने एक उदाहरण देते हुए बताया कि दो दोस्तों ने एक साथ नौकरी शुरू की। एक ने अपनी आय का बड़ा हिस्सा तात्कालिक सुख-सुविधाओं और दिखावे में खर्च कर दिया, जबकि दूसरे ने संयम रखते हुए नियमित बचत और निवेश किया।

कुछ वर्षों बाद पहला दोस्त आर्थिक अस्थिरता और तनाव से जूझ रहा था, जबकि दूसरा आत्मनिर्भर और संतुलित जीवन जी रहा था।

युवाओं को भविष्य निर्माण पर देना होगा ध्यान

उर्वशी दत्त बाली ने कहा कि पहली कमाई केवल शौक पूरे करने का अवसर नहीं, बल्कि भविष्य निर्माण की पहली सीढ़ी होती है। आज का अनुशासन और संयम ही आने वाले कल की आर्थिक स्वतंत्रता और सम्मानजनक जीवन की मजबूत नींव बनता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *