केदारनाथ धाम में 66 वर्षीय तीर्थयात्री की तबीयत बिगड़ी, हेलीकॉप्टर से एम्स ऋषिकेश किया गया एयरलिफ्ट

रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड के विश्व प्रसिद्ध श्री केदारनाथ धाम में रविवार को एक तीर्थयात्री की अचानक तबीयत बिगड़ने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर यात्री को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया और सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीर्थयात्री की तबीयत अचानक खराब होने पर रेस्क्यू टीम तुरंत सक्रिय हुई। प्राथमिक चिकित्सा देने के बाद उन्हें विवेकानंद हॉस्पिटल, केदारनाथ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक उपचार शुरू किया।

चिकित्सकों ने जांच के दौरान यात्री की स्थिति गंभीर पाई। बेहतर इलाज की आवश्यकता को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर करने का निर्णय लिया गया। इसके बाद प्रशासन की ओर से तत्काल हेलीकॉप्टर की व्यवस्था कर मरीज को एयरलिफ्ट किया गया।

हेलीकॉप्टर के जरिए तीर्थयात्री को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), ऋषिकेश भेजा गया, जहां उनका विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उपचार जारी है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की त्वरित कार्रवाई से समय रहते मरीज को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सकी।

बीमार तीर्थयात्री की पहचान राम प्रकाश यादव (66 वर्ष), निवासी बिहार के रूप में हुई है। प्रशासन ने बताया कि केदारनाथ यात्रा के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए रेस्क्यू और स्वास्थ्य सेवाएं लगातार सतर्क हैं, ताकि श्रद्धालुओं को समय पर सहायता मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!