उत्तराखंड में कांग्रेस का ‘काम मांगो अभियान’ शुरू, बेरोजगारी और पलायन को बनाएगी बड़ा मुद्दा

बेरोजगारी और पलायन पर कांग्रेस का फोकस, जोशीमठ से शुरू होगा ‘काम मांगो अभियान’

देहरादून। उत्तराखंड में बढ़ती बेरोजगारी और पलायन के मुद्दे को लेकर कांग्रेस अब गांव और ब्लॉक स्तर तक जनआंदोलन खड़ा करने की तैयारी में है। कांग्रेस के राजीव गांधी पंचायती राज संगठन ने प्रदेशभर में ‘काम मांगो अभियान’ शुरू करने का ऐलान किया है। अभियान की शुरुआत चमोली जिले के जोशीमठ ब्लॉक से होगी और आगामी दो माह तक राज्य के विभिन्न ब्लॉकों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

देहरादून स्थित कांग्रेस भवन में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष ललित फर्स्वाण की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में अभियान की रणनीति तय की गई। बैठक में संगठन के राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तराखंड प्रभारी दीपक राठौर विशेष रूप से मौजूद रहे।

बेरोजगारी और पलायन को बनाएगी मुख्य मुद्दा

बैठक में प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी, युवाओं के पलायन और स्थानीय स्तर पर रोजगार के सीमित अवसरों पर गंभीर चर्चा हुई। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि रोजगार और स्वरोजगार को लेकर सरकार बड़े दावे करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर युवाओं को अपेक्षित अवसर नहीं मिल पा रहे हैं।

उत्तराखंड प्रभारी दीपक राठौर ने कहा कि राज्य के गांवों को मजबूत किए बिना समग्र विकास की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि मनरेगा, कृषि, बागवानी, पशुपालन, पर्यटन, कुटीर उद्योग और स्वरोजगार के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर रोजगार सृजित किए जा सकते हैं।

युवाओं के लिए सम्मानजनक रोजगार की मांग

दीपक राठौर ने कहा कि सरकार को दीर्घकालिक और प्रभावी रोजगार नीति बनानी चाहिए। उन्होंने सरकारी विभागों में रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती, स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता और स्वरोजगार योजनाओं को मजबूत बनाने की मांग की।

प्रदेश अध्यक्ष ललित फर्स्वाण ने कहा कि ‘काम मांगो अभियान’ का उद्देश्य सरकार से रोजगार की भीख मांगना नहीं, बल्कि युवाओं के अधिकार का रोजगार और सम्मानजनक अवसर मांगना है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं को उनकी योग्यता और आवश्यकता के अनुरूप रोजगार मिलना चाहिए।

पहले चरण में इन जिलों में चलेगा अभियान

कांग्रेस के अनुसार अभियान के पहले चरण में—

  • चमोली
  • हरिद्वार
  • देहरादून
  • ऊधमसिंह नगर
  • नैनीताल

जिलों के विभिन्न ब्लॉकों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के माध्यम से युवाओं, किसानों, स्वरोजगार से जुड़े लोगों और स्थानीय समुदायों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा।

संगठन ने बनाई जमीनी रणनीति

बैठक में प्रदेश महामंत्री संगठन राजेंद्र सिंह भंडारी, गढ़वाल मंडल प्रभारी गंभीर सिंह जयाड़ा, देहरादून प्रभारी धीरज देसाई, हीरा पाल सिंह, हरिद्वार प्रभारी विमल भारती, रुड़की प्रभारी गौरव शर्मा, नैनीताल प्रभारी सौरभ और हल्द्वानी महानगर अध्यक्ष विजय समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि विधानसभा चुनाव 2027 से पहले कांग्रेस बेरोजगारी और पलायन को प्रमुख राजनीतिक मुद्दे के रूप में स्थापित करने की रणनीति पर काम कर रही है, जिससे युवाओं और ग्रामीण क्षेत्रों में अपनी पकड़ मजबूत की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!